रांची की सड़कों पर चलेंगी 44 सिटी बसें

जितेन्द्र कुमार सिन्हा, 11 अक्टूबर :: सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार,
रांची में अनलॉक में बसों के परिचालन को मिली छूट के बाद दोबारा सिटी बसें चलाने का निर्णय लिया गया है। पहले की तरह ही दो रूटों पर, एक रूट कचहरी चौक से भाया मेन रोड होते हुए राजेंद्र चौक तक और दूसरा रूट किशोरी यादव चौक, कचहरी, कांटाटोली, सुजाता चौक, डोरंडा, हिनू, बिरसा चौक होते हुए धुर्वा गोल चक्कर तक चलेगी। निगम की यह बसें सुबह 07 बजे से रात 08 बजे तक चलेंगी।

सूत्रों ने बताया कि शहर की सड़कों पर सिटी बसें सोमवार से एक बार फिर से चलनी शुरू हो जाएगी। इस संबंध में निगम के ट्रांसपोर्ट सेल द्वारा शनिवार को आदेश जारी किया गया है। ट्रांसपोर्ट सेल में यह भी बताया गया है कि मार्च में लॉकडाउन लगने के बाद से ही सिटी बसों का परिचालन बंद था। छह माह बाद सोमवार से बसों का परिचालन शुरू होगा। नयी व्यवस्था में सात बसें ब्रेकडाउन रहने के कारण 44 सिटी बसों से शुरुआत किया जायेगा।

सूत्रों ने यह भी जानकारी दी कि नयी व्यवस्था के तहत शुरू हो रही बस सेवा में परिवहन विभाग द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन किया जाना है। 29 सीट बाली बस में मात्र 15 पैसेंजर ही बैठाने होंगे। पैसेंजर की कमी को ध्यान में रख कर यात्रियों से पांच रुपये की जगह 10 रुपये किराया लिया जायेगा। बस में सवारी करनेवाले लोगों को मास्क पहनना अनिवार्य होगा। जिनके पास मास्क नहीं होगा, उन्हें बस में चढ़ने नहीं दिया जायेगा। सभी बसों को खुलने से पहले सैनिटाइज किया जायेगा.

Related posts

Leave a Comment