राजीव रंजन की रिपोर्ट / पटना
बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय, पटना द्वारा आज दिनांक 24 जून, 2026 को बी०टेक पाठ्यक्रम (शैक्षणिक सत्र 2022-26) के परीक्षा परिणामों की डिजिटल माध्यम से समयबद्ध घोषणा की गई। इस अवसर पर विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार सरकार की माननीया मंत्री श्रीमती शीला कुमारी ने अपने कर कमलों द्वारा परीक्षा परिणाम जारी किया। यह पहल विश्वविद्यालय की पारदशी॔, आधुनिक एवं छात्र केंद्रित परीक्षा प्रणाली की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
कार्यक्रम में विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव, श्री हिमांशु शर्मा, भा०प्र०से०, निदेशक-सह-अपर सचिव श्री अहमद महमूद भा०प्र०से०, बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय, पटना के कुलपति प्रो० डाॅ० एस० के० वर्मा तथा कुलसचिव डॉ० प्रदीप कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अपने संबोधन में माननीया मंत्री श्रीमती शीला कुमारी ने कहा कि डिजिटल माध्यम से परीक्षा परिणामों की समयबद्ध घोषणा राज्य में तकनीकी शिक्षा को अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी एवं तकनीक संचालित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे विद्यार्थियों को समय पर परिणाम उपलब्ध होंगे तथा उच्च शिक्षा एवं रोजगार से संबंधित प्रक्रियाओं में सुविधा प्राप्त होगी।
इस अवसर पर सचिव, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, श्री हिमांशु शर्मा ने कहा कि विभाग तकनीकी शिक्षा संस्थानों में डिजिटल गवर्नेस को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा विश्वविद्यालय द्वारा समयबद्ध परिणाम प्रकाशन एक अनुकरणीय पहल है।
निदेशक-सह-अपर सचिव, श्री अहमद महमूद, भा०प्र० से० ने विश्वविद्यालय द्वारा अपनाई गई डिजिटल परीक्षा एवं परिणाम प्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को पारदर्शी, विश्वसनीय एवं त्वरित सेवाएँ उपलब्ध हो रही है तथा राज्य की तकनीकी शिक्षा व्यवस्था और अधिक सृदृढ होगी।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो० डॉ० एस० के० वर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा लगातार दूसरी बार ससमय (शून्य दिवस विलम्ब सत्र / Zero day delay session) परीक्षाफल का प्रकाशन किया जा रहा है तथा इसके लिए विश्वविद्यालय की परीक्षा शाखा, सूचना प्रौद्योगिकी प्रकोष्ठ, संबंधित अधिकारियों एंव संबंद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों / निदेशकों के समर्पित प्रयासों की सराहना किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय भविष्य में भी परीक्षा एवं मूल्यांकन प्रणाली को पूर्णतः डिजिटल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
कुलसचिव डॉ० प्रदीप कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षा परिणामों के समयबद्ध प्रकाशन हेतु परीक्षा प्रबंधन प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाया गया है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवतापूर्ण एवं त्वरित शैक्षणिक सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा भविष्य में भी डिजिटल प्रशासन को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के पदाधिकारी एंव अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। परीक्षा परिणाम जारी होने के साथ ही इसे विश्वविद्यालय के आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध करा दिया गया, जिससे विद्यार्थी अपने परिणाम ऑनलाईन देख सकते हैं।