क्या लखनऊ बनेगा प्रियंका गांधी का नया ठिकाना? इस वजह से लगाए जा रहे हैं कयास

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को अपना लोधी एस्टेट स्थित बंगला खाली करना पड़ेगा। इसके लिए प्रियंका को एक महीने का समय दिया गया है। लेकिन अब इन सबके बीच माना जा रहा है कि प्रियंका गांधी का नया ठिकाना लखनऊ होगा। इसके पीछे प्रदेश में पार्टी को और मजबूत करना माना जा रहा है। खबर है कि प्रियंका गांधी लखनऊ के कौल हाउस को अपना ठिकाना बना सकती हैं।

आपको बता दें कि पिछले कुछ समय से कांग्रेस महासचिव जब भी लखनऊ दौरे पर आई तब वे शीला कौल के घर पर ही रुकीं थी। कांग्रेस के सूत्रों के मुताबिक प्रियंका शीला कौल के गोखले मार्ग के आवास पर रहेंगी और उनके जुलाई में आ जाने की संभावना है। माना ये जा रहा है यूपी में कांग्रेस को और मजबूत करने के लिये प्रियंका गांधी ऐसा कर सकती हैं।

आपको बता दें कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को केंद्र सरकार की तरफ से नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में कहा गया है कि प्रियंका गांधी को लोधी एस्टेट स्थित बंगला खाली करना पड़ेगा। इसके लिए कांग्रेस महासचिव को एक महीने का समय दिया गया है। आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय की तरफ से जारी एक आधिकारिक लेटर में प्रियंका गांधी को दिल्ली के लोधी रोड पर स्थित बंगले को खाली करने के लिए कहा गया है, क्योंकि उनके पास अब एसपीजी सुरक्षा नहीं है।

Related posts

Leave a Comment