– जितेंद्र कुमार सिन्हा
पटना, दिनांक 7 अप्रैल 2026 :: बिहार की ऐतिहासिक राजधानी पटना में आयोजित तीन दिवसीय “इंटरनेशनल एस्ट्रो, वास्तु एवं तंत्र सम्मेलन–2026” के दौरान ज्योतिर्विद पंडित अवधेश झा, संस्थापक श्रीहरि ज्योतिष केंद्र, पटना को ज्योतिष एवं वैदिक विद्याओं में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘आर्यभट्ट सम्मान’ एवं ‘पटन देवी सम्मान’ से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने “ज्योतिष: ब्रह्म के कालखंड का विज्ञान” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए थे।
यह प्रतिष्ठित सम्मान विश्व ज्योतिष महासंघ के अध्यक्ष डॉ लोकराज पौडेल, कॉन्फ्रेंस कन्वेनर आचार्य श्री अशोक कुमार मिश्र, श्री राम प्रवेश “पूरी” पटना हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं बिहार के पूर्व महाधिवक्ता श्री ललित किशोर के द्वारा तथा अन्य गणमान्य अतिथियों एवं विद्वानों की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदान किया गया।
उल्लेखनीय है कि यह तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन विश्व ज्योतिष महासंघ, दक्षिण एशियाई ज्योतिष महासंघ तथा एस्ट्रो, वास्तु एंड वैदिक साइंसेज हब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें भारत, नेपाल सहित विभिन्न देशों से आए ज्योतिषाचार्य, वास्तु विशेषज्ञ, तांत्रिक विद्वान, शोधकर्ता एवं गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता की।
सम्मेलन के दौरान ज्योतिष एवं तंत्र विषयों पर गहन विमर्श, शोध-पत्र प्रस्तुतियाँ एवं विद्वानों द्वारा अपने अनुभव साझा किए गए। साथ ही वैदिक विद्याओं की आधुनिक प्रासंगिकता पर गंभीर चर्चा करते हुए ‘पटना अधिवेशन घोषणा-पत्र’ भी जारी किया गया।
सम्मेलन के तृतीय दिवस पर कन्वेनर आचार्य डॉ. अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में देश-विदेश से आए प्रतिभागियों के लिए पटना के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण आयोजित किया गया।
सम्मेलन की आयोजन समिति के सदस्य पंडित अवधेश झा ने अपने संबोधन में कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य वैदिक विद्याओं में एकता को बढ़ावा देना, नैतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करना, शोध कार्यों को सुदृढ़ करना तथा भारत-नेपाल सहित अन्य देशों के बीच सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन को प्रोत्साहित करना है।
पंडित अवधेश झा को प्राप्त यह सम्मान मिथिला क्षेत्र, पटना एवं बिहार की समृद्ध वैदिक एवं ज्योतिषीय परंपरा के लिए भी एक गौरवपूर्ण क्षण के रूप में देखा जा रहा है।